नेपाल में हिमालयी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण बहकर आए तीन शव उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में गंडक नदी से बरामद किए गए हैं। सीमा सुरक्षा बल (SSB) के इंस्पेक्टर अरुण पांडे ने पुष्टि की है कि ये शव नेपाल से बहकर भारतीय सीमा में पहुंचे हैं। नेपाल के चितवन जिले में अब तक 132 शव बरामद किए जा चुके हैं।
यह आपदा बुधवार सुबह 8:37 बजे नेपाल-तिब्बत सीमा पर शुरू हुई और महज सात मिनट के भीतर बाढ़ का पानी सीमावर्ती इलाकों तक पहुंच गया। नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के जलविज्ञानी सौहार्द जोशी ने बताया कि यदि तिब्बत से समय पर सूचना मिल जाती तो जनहानि को कम किया जा सकता था। नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान प्रभाग ने सुबह 9:05 बजे जानकारी मिलने के बाद नदी के किनारे रहने वाले निवासियों को 6 लाख से अधिक एसएमएस चेतावनी भेजी थी। बाढ़ का पानी त्रिशूली और नारायणी नदियों से होता हुआ भारत में गंडक नदी के रूप में प्रवेश कर गया।


