अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि यदि आगामी कांग्रेस चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की जीत होती है, तो प्रत्येक वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। डलास में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने इस राशि को 'ट्रंप डिविडेंड' का नाम दिया। ईरान संकट के कारण देश में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच उनकी यह घोषणा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि साम्यवादी खतरों से देश को बचाने के लिए रिपब्लिकन पार्टी की जीत अनिवार्य है और यह चुनाव देश का भविष्य तय करेगा। हालांकि, ट्रंप की इस घोषणा की सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है, जहां कई लोग इसे 'डिविडेंड' के बजाय 'रिश्वत' करार दे रहे हैं। हालिया ओपिनियन पोल के अनुसार, आगामी चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।




