केलमबक्कम के पास थैयार स्थित एक अपार्टमेंट परिसर की 11वीं मंजिल पर बुधवार रात भीषण आग लग गई। एलपीजी रिसाव के कारण गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट से यह आग भड़की थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रिसाव का पता चलते ही प्रभावित फ्लैट में रह रहे लोग सुरक्षित बाहर निकल गए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
करीब 1,500 फ्लैटों वाले इस परिसर में 4,000 से अधिक लोग रहते हैं। आग के तेजी से पड़ोसी फ्लैटों में फैलने के कारण निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तिरुपोरुर, सिरुसेरी और कोवलम से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र से निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


