माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी के कारण दुनिया भर में कामकाज पिछले 12 घंटों से अधिक समय से ठप पड़ा है। इस व्यवधान से 74 से अधिक देश प्रभावित हुए हैं, जिसे हाल के समय में माइक्रोसॉफ्ट की सबसे बड़ी तकनीकी विफलता माना जा रहा है। डाउनडिटेक्टर ने माइक्रोसॉफ्ट उत्पादों के संबंध में लगभग 1,70,000 आउटेज रिपोर्ट दर्ज की हैं।
इस तकनीकी समस्या के कारण दुनिया भर में सरकारी एजेंसियों, आपातकालीन सेवाओं, अस्पतालों और स्कूलों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। माइक्रोसॉफ्ट ने इस घटना के पीछे किसी भी साइबर हमले की संभावना से इनकार किया है। कंपनी फिलहाल सेवाओं को बहाल करने के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि महत्वपूर्ण संस्थानों को परिचालन संबंधी भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।


