तमिलनाडु के कडलूर जिले के कटियानकुप्पम और कृष्णकुप्पम गांवों में मुर्गियों की मौत का कारण H5N1 बर्ड फ्लू संक्रमण है। केंद्र सरकार के मत्स्य पालन और पशुपालन विभाग ने इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को आधिकारिक पत्र भेजकर पुष्टि की है।
जिला कलेक्टर सिबी आदित्य सेंथिलकुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। कटियानकुप्पम के एक किलोमीटर के दायरे में मौजूद मुर्गियों को हटाकर सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार सुरक्षित रूप से दफनाया जा रहा है। साथ ही, पोल्ट्री फार्मों में स्वच्छता अभियान तेज कर दिया गया है।
जिले से एकत्र किए गए 16 नमूनों में से पांच में संक्रमण के हल्के लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद उन स्थानों पर सुरक्षा प्रोटोकॉल सख्त कर दिए गए हैं। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि मुर्गियों की मौत का सर्वेक्षण किया जा रहा है और प्रभावित पोल्ट्री मालिकों को सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिया जाएगा।


