मदुरै के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में 12 तारीख की सुबह हुई 15 किलो सोने की डकैती के मामले में पुलिस ने यूट्यूबर मीनाक्षी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें निशांत नामक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। निशांत के फरार होने के बाद पुलिस ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की जांच की, जिससे यूट्यूबर मीनाक्षी के साथ उसके संबंधों का पता चला।
पूछताछ के दौरान मीनाक्षी ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में दबाकर रखे गए सोने के गहनों से भरा थैला बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मीनाक्षी के साथ निशांत के पिता को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी निशांत अभी भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

