हूती विद्रोही गुट ने सऊदी अरब के अल-शैक बिजली संयंत्र और जिज़ान बंदरगाह को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों के कारण सऊदी के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। गठबंधन सेना के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि सऊदी सेना ने दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा, राजधानी रियाद की ओर आ रही तीन बैलिस्टिक मिसाइलों और दक्षिणी सऊदी अरब की ओर भेजे गए एक ड्रोन को भी गठबंधन सेना ने मार गिराया।
हूती प्रवक्ता याह्या सारी ने इन हमलों को यमन के बिजली संयंत्रों पर सऊदी की कार्रवाई का जवाब बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सऊदी अरब के हमले जारी रहे, तो उनके बिजली संयंत्रों और बंदरगाहों को निशाना बनाना जारी रहेगा। 20 और 21 नवंबर के बीच 24 घंटों के भीतर सऊदी अरब में आठ बार आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए ये हमले मध्य पूर्व में तनाव के बीच सऊदी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बन गए हैं, जिससे अमेरिका के लिए भी मुश्किलें बढ़ गई हैं।




