एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने 40.5 अंकों के साथ एशिया के तीन सबसे शक्तिशाली देशों में अपना स्थान बरकरार रखा है। इस सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों महाशक्तियों के बीच का अंतर 2018 के बाद से सबसे कम हो गया है। भारत के बाद जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बनकर उभरे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन पायदान ऊपर हैं। इस मामले में वे केवल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से पीछे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर धारणा में गिरावट दर्ज की गई है, जिसका कारण खाड़ी संघर्ष के दौरान एक नौसैनिक घटना पर भारत की सीमित प्रतिक्रिया को बताया गया है।
भारत की कूटनीतिक प्रभाव क्षमता अब भी उसका सबसे मजबूत पक्ष बनी हुई है, लेकिन मुद्रा में उतार-चढ़ाव और विदेशी निवेश में कमी के कारण उसकी आर्थिक क्षमता का स्कोर मामूली गिरावट के साथ 26.4 पर आ गया है। वहीं, अमेरिका के कूटनीतिक प्रभाव में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है, जिसके लिए ट्रम्प प्रशासन की एकतरफा विदेश नीति, व्यापार शुल्क और क्षेत्रीय तनाव को जिम्मेदार ठहराया गया है।



