तिरुपति लड्डू प्रसादम के लिए मिलावटी घी की आपूर्ति करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुकृति फूड्स के मालिक कैलाश चंद मंगला को गिरफ्तार किया है। उन्हें 17 अक्टूबर को हैदराबाद स्थित उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया और बाद में विशाखापत्तनम की धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोप है कि कैलाश चंद मंगला ने 2019 से 2024 के बीच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम को 'अगमार्क' उच्च गुणवत्ता वाला घी बताकर पाम ऑयल और रसायनों से बना मिलावटी घी सप्लाई किया। जांच में खुलासा हुआ है कि उन्होंने 96 करोड़ रुपये मूल्य के घी को 230 करोड़ रुपये में बेचकर बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी की। इसके लिए उन्होंने श्री वैष्णवी डेयरी स्पेशलिटीज जैसी फर्जी कंपनियों का जाल बिछाया और दस्तावेजों में हेरफेर की। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, इस मामले में पहले ही बोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी के मालिक विपिन जैन को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

