तमिलनाडु की मदुरांतकम और तारापुरम विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार आज शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। 6 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर टीवीके, द्रमुक और अन्नाद्रमुक सहित सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार और नेता अंतिम दौर के प्रचार में जुटे हैं। तारापुरम में टीवीके उम्मीदवार के समर्थन में मुख्यमंत्री विजय आज एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने स्पष्ट किया है कि आज शाम 6 बजे से मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और मीडिया के माध्यम से प्रचार करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने निर्देश दिया है कि जो लोग संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें तुरंत क्षेत्र छोड़ना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है।
मतदान के दिन मतदाताओं को लाने-ले जाने के लिए वाहनों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डाले गए वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।


