केंद्रीय दूरसंचार विभाग ने घोषणा की है कि 1 नवंबर से मोबाइल कॉल के दौरान कॉलर का नाम स्क्रीन पर दिखना अनिवार्य होगा। इस तकनीक को 'कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन' (CNAP) नाम दिया गया है, जिसके माध्यम से कॉल करने वाले का नाम और नंबर फोन की स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
यह सुविधा वर्तमान में 4G और 5G नेटवर्क पर उपलब्ध है। सिम कार्ड खरीदते समय जमा किए गए केवाईसी (KYC) दस्तावेजों के आधार पर यह जानकारी दिखाई जाएगी। इसमें उपयोगकर्ताओं द्वारा फोन में सेव किए गए नाम के बजाय आधिकारिक तौर पर पंजीकृत नाम ही दिखाई देगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी कॉल्स पर लगाम लगाना है।




