चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि 17 अक्टूबर की रात चेन्नई में हुई भारी बारिश बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) के कारण नहीं थी। विभाग ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सामान्य मौसमी घटना बताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल से 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तरी तटीय तमिलनाडु में हवाओं का मिलन और नमी में वृद्धि हुई। इस अनुकूल स्थिति के चलते 'क्यूम्यलोनिम्बस' जैसे गहरे संवहनी बादल बने और सक्रिय हो गए, जिसके परिणामस्वरूप चेन्नई और आसपास के इलाकों में रात के समय भारी बारिश दर्ज की गई।



