कोयंबटूर के पीलामेडु इलाके में अखिल नाम के एक स्कूली छात्र की आत्महत्या के मामले में सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में अखिल को जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
शिकायत के अनुसार, स्कूल शिक्षक विजयकुमार ने कक्षा में छात्रों से पूछा था कि कौन-कौन बीफ खाते हैं, जिसके जवाब में अखिल समेत चार छात्र खड़े हुए थे। आरोप है कि इसके बाद से ही अन्य छात्रों ने अखिल को जाति के आधार पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस मामले में प्रधानाध्यापक पर भी शिकायत को नजरअंदाज करने का आरोप है। पुलिस ने शिक्षक विजयकुमार और प्रधानाध्यापक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


