बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम विशाखापत्तनम से 860 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व और काकीनाडा से 950 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और कल सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यह तूफान 27 अक्टूबर तक और अधिक शक्तिशाली होकर भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। इसके बाद, 28 अक्टूबर की दोपहर तक इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की प्रबल संभावना है।



