राजस्व प्रशासन और आपदा प्रबंधन आयुक्त ने तमिलनाडु के सात जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, वेल्लोर और नीलगिरी के जिला कलेक्टरों को जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक नवंबर को तिरुवल्लूर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट और नीलगिरी में भारी बारिश हो सकती है। दो नवंबर को चेन्नई और तिरुवल्लूर में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, साथ ही चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, वेल्लोर और नीलगिरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तीन नवंबर को नीलगिरी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

