यूरोप में गुरुवार को बम की धमकियों के बाद कम से कम 12 यात्री विमानों को डायवर्ट करना पड़ा या आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। फ्रांस, इटली, बेल्जियम, बुल्गारिया, चेक गणराज्य और रोमानिया सहित कई देशों में सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय किए गए और प्रभावित उड़ानों की गहन जांच की गई।
इन घटनाओं में एयर लिंगस की एक उड़ान को फ्रांस में उतरना पड़ा, जबकि फिनएयर के एक विमान को इतालवी लड़ाकू विमानों की सुरक्षा में रोम ले जाया गया। हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिले, लेकिन इन धमकियों के कारण कई हवाई अड्डों पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह की शुरुआत में भी सात उड़ानों और एक क्रूज जहाज को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। यूरोपीय अधिकारी इन धमकियों के पीछे के पैटर्न की जांच कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कम लागत वाले और विघटनकारी हाइब्रिड अभियानों का हिस्सा हो सकता है।

