मदुरै बाईपास रोड स्थित तनिष्क शोरूम में 12 नवंबर को हुई 15 किलो सोना और 3 किलो हीरा डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे टैटू के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान यूट्यूबर निशांत के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि निशांत ने अपनी दोस्त और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी की इच्छा पूरी करने और उसका कर्ज चुकाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने डकैती में मदद करने के आरोप में मीनाक्षी और उसके पिता सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 5 किलो सोना बरामद किया गया है। फिलहाल मुख्य आरोपी निशांत फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार किए गए मीनाक्षी और सुरेश का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।



