वर्ष 2019 में इवेंट होराइजन टेलीस्कोप (EHT) टीम द्वारा जारी किए गए मेसियर 87 (M87) गैलेक्सी के ब्लैक होल की तस्वीर को ऑस्ट्रेलिया के स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने सटीक बताया है। पृथ्वी से लगभग 5.5 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर स्थित इस ब्लैक होल की पुरानी तस्वीरों का 'GenDiRECT' नामक नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के जरिए पुनर्मूल्यांकन किया गया, जिसमें वही रिंग जैसी आकृति स्पष्ट रूप से दिखाई दी है।
इस शोध के परिणाम 1915 में अल्बर्ट आइंस्टीन द्वारा प्रतिपादित 'सामान्य सापेक्षता के सिद्धांत' (General Theory of Relativity) की पुष्टि करते हैं। ऑस्ट्रेलिया की CSIRO संस्था के शोधकर्ता सैमुअल लाई ने बताया कि ब्लैक होल की तस्वीर लेना पृथ्वी से चंद्रमा पर मौजूद एक डोनट की फोटो खींचने जैसा कठिन कार्य है। आइंस्टीन ने पहले ही अनुमान लगाया था कि इवेंट होराइजन के आसपास का क्षेत्र अत्यधिक गर्म प्लाज्मा रिंग जैसा होगा, जिस पर ब्लैक होल की छाया दिखाई देगी।





