केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के इस्तेमाल को लेकर एक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अनधिकृत व्यक्ति प्रमाणीकृत सत्रों (authenticated sessions) का दुरुपयोग कर निजी संदेशों, संपर्कों और ग्रुप चैट तक पहुंच बना सकते हैं, जिससे धोखाधड़ी या सोशल इंजीनियरिंग हमलों का खतरा बढ़ जाता है।
उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे सार्वजनिक या साझा कंप्यूटरों पर WhatsApp Web का उपयोग करने से बचें और आधिकारिक या संवेदनशील कार्यों के लिए इसका इस्तेमाल न करें। एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि ब्राउज़र विंडो बंद करने के बजाय हर बार मैन्युअल रूप से लॉग आउट करना अनिवार्य है। यदि उपयोग करना अपरिहार्य हो, तो इनकॉग्निटो मोड का उपयोग करने और अपने ऑपरेटिंग सिस्टम व सुरक्षा सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखने का सुझाव दिया गया है।


