तमिलनाडु में जल संकट की स्थिति गंभीर होती जा रही है। राज्य की 14,141 सिंचाई झीलों में से केवल 763 झीलें ही पूरी तरह भरी हैं, जबकि तिरुनेलवेली और शिवगंगा जिलों सहित कुल 1,461 झीलें पूरी तरह सूख चुकी हैं। जल संसाधन विभाग के अधीन 90 बांधों की कुल क्षमता 224 टीएमसी है, जिसमें वर्तमान में केवल 81.65 टीएमसी यानी 36.40 प्रतिशत पानी ही शेष बचा है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 15 प्रमुख जलाशयों में 85 प्रतिशत पानी था, जो अब घटकर 36.2 प्रतिशत रह गया है।
चेन्नई को जलापूर्ति करने वाले पूंडी, पुझल और चेम्बरमबक्कम सहित छह जलाशयों में वर्तमान में केवल 5.27 टीएमसी पानी उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत कम है। इसके अलावा, राज्य के 38 में से 37 जिलों में भूजल स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। मेट्टूर, भवानीसागर, परमबिकुलम, साथनूर, वैगई, पेरियार और पेच्चीपारा जैसे प्रमुख बांधों में भी जल स्तर काफी नीचे चला गया है।




