पिछले साल 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान चीन के तीन निगरानी उपग्रहों- निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगन-30 ने भारत के पश्चिमी तट पर लगातार नजर रखी। भारतीय अंतरिक्ष खुफिया फर्म 'दिगंतरा' की रिपोर्ट के अनुसार, इन उपग्रहों ने भुज और नलिया स्थित एयरबेस तथा जामनगर रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण सैन्य और वाणिज्यिक बुनियादी ढांचे को अपना मुख्य निशाना बनाया था।
रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि चार दिवसीय संघर्ष शुरू होने के दिन, यानी 7 मई 2025 को, याओगन-43 01G उपग्रह ने अपनी कक्षा में बदलाव किया। यह युद्धाभ्यास विशेष रूप से पश्चिमी सीमा पर स्थित प्रमुख भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर निगरानी का समय बढ़ाने के लिए किया गया था।
दिगंतरा ने यह भी पाया कि पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले से ठीक पहले पहलगाम क्षेत्र में असामान्य उपग्रह गतिविधियां देखी गई थीं। गौरतलब है कि भारत का पश्चिमी तट नौसेना की पश्चिमी कमान के साथ-साथ ऊर्जा और व्यापार के लिहाज से एक अत्यंत महत्वपूर्ण रणनीतिक केंद्र है।


