बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पांच सितारा होटल में 40 वर्षीय एस.जी. इमरान ने अपनी दो नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी। सोमवार को जब आरोपी पिता ने समय पर चेक-आउट नहीं किया, तो होटल के कर्मचारियों ने कमरे की जांच की, जहां दोनों बच्चियों, 10 वर्षीय शेख जोया और 5 वर्षीय शेख ज़हरा के शव मिले।
होटल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी इमरान को कमरे में बेहोशी की हालत में पाया, जिसके गले पर चोट के निशान थे। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।
एक निजी कैब कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत इमरान के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उसने अपनी पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए वैवाहिक विवाद को इस घटना का कारण बताया है। पुलिस फिलहाल नोट की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


