मलेशिया की निवासी विनोशा रवि ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो में वही हैं, जिसे तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस. कीर्तना से गलत तरीके से जोड़ा जा रहा था। विनोशा ने बताया कि कार से उतरते हुए उनका यह वीडियो उनकी जानकारी के बिना बनाया गया और बाद में इसे गलत विमर्श फैलाने के लिए इस्तेमाल किया गया। इस घटना को लेकर उन्होंने मलेशियाई पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने विनोशा की तुलना शिवकाशी की विधायक कीर्तना से की, जिसके बाद मंत्री के पहनावे पर सार्वजनिक बहस छिड़ गई। मंत्री कीर्तना ने इन पोस्टों की निंदा करते हुए इसे संकीर्ण मानसिकता बताया और कहा कि किसी महिला के कपड़ों को राजनीतिक हमले का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए। विनोशा ने इस घटना से हुई मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला किया है और लोगों से वीडियो साझा न करने की अपील की है।


