नेपाल में ग्लेशियर फटने और बाढ़ की चपेट में आए 21 तमिल यात्री सुरक्षित बचा लिए गए हैं और वे कल देर रात चेन्नई पहुंच गए। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर तमिलनाडु के मंत्रियों के एक दल ने उनसे मुलाकात कर उनका हाल जाना। सभी यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा और भोजन उपलब्ध कराने के बाद उन्हें विमान से चेन्नई भेजा गया।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए 85 अन्य तमिल यात्रियों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, जो रसुवा क्षेत्र में फंसे हुए हैं। वहां दूरसंचार सेवाएं बाधित होने के कारण उनसे संपर्क करना मुश्किल हो रहा है। स्थिति पर नजर रखने के लिए दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन में मंत्रियों का दल एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के जरिए राहत कार्यों का समन्वय कर रहा है।
इस बीच, तमिलनाडु के मंत्रियों ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात कर नेपाल में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है। राज्य सरकार ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान को और तेज करने पर जोर दिया है।


