दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब को-पायलट ने विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की। इस दौरान भारतीय मूल के पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा लिया। विमान में करीब 180 इजरायली यात्री सवार थे। आपातकालीन संकेत मिलने के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया, जहां सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, कॉकपिट के भीतर दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हुई और को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि बोइंग 737 विमान 30 सेकंड से भी कम समय में लगभग 14,000 फीट नीचे गिर गया था, जिसे बाद में नियंत्रित किया गया। लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इजरायली अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं। शुरुआत में इसे संभावित अपहरण के रूप में देखा गया था, लेकिन इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि इसे अपहरण नहीं माना जा रहा है। फ्लाईदुबई ने विमान के मार्ग परिवर्तन और सुरक्षित लैंडिंग की पुष्टि की है, हालांकि एयरलाइन ने चालक दल की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है।

