वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु देश में सबसे अधिक कारखानों वाला राज्य बन गया है। राज्य ने रोजगार सृजन के मामले में भी पहला स्थान हासिल किया है और सभी औद्योगिक श्रेणियों में शीर्ष तीन राज्यों में अपनी स्थिति बरकरार रखी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में कुल 41,221 कारखाने संचालित हैं। इस सूची में गुजरात 33,084 इकाइयों के साथ दूसरे और महाराष्ट्र 27,379 इकाइयों के साथ तीसरे स्थान पर है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश में 24,964, कर्नाटक में 15,629 और आंध्र प्रदेश में 15,602 कारखाने मौजूद हैं।
रोजगार के मोर्चे पर भी तमिलनाडु का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। देश के कुल औद्योगिक रोजगार में तमिलनाडु की हिस्सेदारी 14.99 प्रतिशत है, जो भारत में किसी भी राज्य द्वारा दर्ज किया गया सर्वाधिक आंकड़ा है।


