तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में साथनकुलम-नाज़रेथ राज्य राजमार्ग (SH-93) पर हिंदी भाषा में साइनबोर्ड लगाने के मामले में राजमार्ग विभाग के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस साइनबोर्ड पर तमिल और अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी जगह के नाम लिखे गए थे, जो राज्य सरकार की द्विभाषी नीति का उल्लंघन है। मामला सामने आने के बाद हिंदी में लिखे गए शब्दों को तुरंत हटा दिया गया।
निलंबित किए गए अधिकारियों में सहायक संभागीय अभियंता और सहायक अभियंता शामिल हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, सरकार ने चेतावनी दी है कि द्विभाषी नीति का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

