दिल्ली पुलिस ने 'लहरा दो तिरंगा' विरोध मार्च से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को एहतियातन हिरासत में ले लिया है। दिपके को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत हिरासत में लिया गया है और उन्हें आज विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। सीजेपी की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह ने आरोप लगाया है कि पार्टी का दिपके से संपर्क नहीं हो पा रहा है और उन्हें कानूनी सहायता तक पहुंच से वंचित रखा गया है।
इस बीच, हिरासत में ली गई ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद बोरा ने इन गिरफ्तारियों को नागरिकों को डराने की रणनीति करार देते हुए दिपके और अन्य प्रदर्शनकारियों की तत्काल रिहाई की मांग की है।
यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूची और चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं।



