बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने तमिलनाडु के 18 जिलों में कल भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रभावित जिलों में तूतीकोरिन, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तेनकासी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर, नीलगिरी, शिवगंगा, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम और मयिलादुथुराई शामिल हैं।
मौसम केंद्र के निदेशक वी.आर. दुरई ने बताया कि 23 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व और मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जिसके चक्रवात में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर को कन्याकुमारी, नीलगिरी और कोयंबटूर में भारी से बहुत भारी बारिश होगी, जबकि अन्य जिलों में भी तेज बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अल नीनो के प्रभाव के बावजूद मानसून कमजोर नहीं पड़ेगा और अक्टूबर से दिसंबर के बीच सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।


