तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एस.आर. शेखर ने कोयंबटूर बम विस्फोट मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पांच दोषियों को दी गई पैरोल को तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि मानवीय आधार पर दी गई यह पैरोल उन लोगों के साथ विश्वासघात है जो इस घटना में प्रभावित हुए थे।
वर्ष 1998 में कोयंबटूर में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 56 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 500 से अधिक लोग घायल हुए थे और कई आज भी स्थायी रूप से दिव्यांग हैं। शेखर ने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधियों को व्यक्तिगत कारणों और स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देकर 60 दिनों की पैरोल देना निंदनीय है।
दीपावली के त्योहार के करीब आने का उल्लेख करते हुए उन्होंने 2022 में दीपावली से एक दिन पहले कोयंबटूर में हुए विस्फोट की घटना की याद दिलाई। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि पैरोल पर बाहर आए इन पांचों दोषियों को तुरंत वापस जेल भेजने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।



