फ्रांस में शनिवार को हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद अधिकारियों ने लगभग 1,000 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। दिन भर प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे, लेकिन पेरिस, मार्सिले, बोर्डो और ल्यों जैसे शहरों में झड़पें हुईं, जहां भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने बताया कि इस अशांति के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
आंतरिक मंत्रालय के अनुमान के अनुसार प्रदर्शनों में 4,10,000 लोग शामिल हुए, जबकि यूनियनों ने यह संख्या 8,00,000 के करीब बताई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने 70,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया था और पिछले सप्ताहांत हुई हिंसा व लूटपाट को रोकने के लिए प्रदर्शनों को केवल मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों तक ही सीमित रखा था। प्रदर्शनकारियों ने जीवन यापन की बढ़ती लागत और शैक्षिक स्थितियों पर अपनी नाराजगी जताई है और कहा है कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, वे प्रदर्शन जारी रखेंगे।



