बेंगलुरु के कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन लुफ्थांसा क्रू सदस्य अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई आईबीएम प्रोजेक्ट मैनेजर जुराज होर्वत के रूप में हुई है। यह घटना होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित पूल में हुई, जिसके बाद पुलिस ने लापरवाही के आरोपों पर जांच शुरू कर दी है।
बचाव के प्रयास में 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और 28 वर्षीय भारतीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी घायल हो गए। उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल के अनुसार, अलेक्जेंडर को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि जुराज को बचाने के प्रयास विफल रहे। जर्मन पीड़ित की पत्नी ने होटल प्रबंधन पर रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
होटल प्रबंधन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। एहतियात के तौर पर होटल ने स्विमिंग पूल को 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रखने की घोषणा की है।


