भारतीय पर्वतारोही कविता चंद ने माउंट किलिमंजारो की चढ़ाई 24 घंटे से कम समय में पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने मवेका गेट से उहुरू पीक तक की राउंड ट्रिप को 22 घंटे 36 मिनट में पूरा किया, जिसमें शिखर तक पहुंचने में उन्हें 12 घंटे 46 मिनट का समय लगा। आमतौर पर इस चढ़ाई को पूरा करने में पांच से नौ दिन का समय लगता है।
कविता चंद ने इस उपलब्धि के लिए शिकागो मैराथन की तैयारी और नेपाल में हिमलुंग हिमाल अभियान के दौरान उच्च ऊंचाई पर अनुकूलन का अभ्यास किया था। तंजानिया में इस अभियान का प्रबंधन 'बूट्स एंड क्रैम्पॉन्स' टीम ने किया। 5,895 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंचने के लिए उन्हें स्थानीय गाइडों और एक समर्पित सहायता टीम का सहयोग मिला।
यह कविता चंद के 'सेवन समिट्स' अभियान का पांचवां पड़ाव है, जिसके तहत वह सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करने का लक्ष्य रखती हैं। इससे पहले वह एलब्रस, डेनाली, विंसन और एकांकागुआ को फतह कर चुकी हैं। उन्होंने इस रिकॉर्ड सफलता का श्रेय अपनी पूरी सहायता टीम को दिया है।



