दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से आए इस धमकी भरे संदेश में केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या की चेतावनी दी गई है। आरोपी ने इसके बदले 7 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है।
तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को एक व्यक्ति ने फोन और व्हाट्सएप के जरिए यह धमकी दी, जिसने खुद को गिरोह से जुड़ा बताया। इस संबंध में 6 नवंबर को मोहाली में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए विधायक ने केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर क्राइम यूनिट मामले की जांच कर रही है और धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के कॉल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।



