तेलंगाना यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हैदराबाद स्थित मेटा के कार्यालय में तोड़फोड़ की। राज्य अध्यक्ष जक्कीदी शिवाचरण रेड्डी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के भीतर गमले तोड़े और नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मेटा द्वारा लगाई गई पाबंदियों के खिलाफ किया गया।
यूथ कांग्रेस ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनके अकाउंट्स और पोस्ट से प्रतिबंध नहीं हटाए गए, तो वे सड़कों और अदालतों के साथ-साथ कार्यालयों में भी विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे। इसी तरह का विरोध मुंबई में भी देखा गया, जहां यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीकेसी स्थित मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर जलाया।
इस घटना पर भाजपा और बीआरएस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को 'गुंडों की पार्टी' करार दिया, जबकि बीआरएस नेता के.टी. रामा राव ने कहा कि इस तरह की हरकतें हैदराबाद की व्यावसायिक छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मेटा को राजनीति से दूर रहकर निष्पक्ष रूप से काम करने की सलाह दी है।




