विनायक दामोदर सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर भेजा गया है। नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 पर सावरकर की भूमिका और उनकी विचारधारा के बारे में दी गई जानकारी को ऐतिहासिक रूप से गलत और विकृत बताया गया है।
अधिवक्ता संग्राम कोल्हाटकर के माध्यम से भेजे गए इस नोटिस में सावरकर को ब्रिटिश सरकार का मुखबिर बताने और उनकी हिंदुत्व विचारधारा के चित्रण पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा सावरकर के सम्मान में डाक टिकट जारी करने और उनके स्मारक के लिए आर्थिक योगदान देने का उल्लेख करते हुए उनकी देशभक्ति को रेखांकित किया गया है।
सोनिया गांधी को 15 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में मांग की गई है कि सोनिया गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और हार्परकॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया के साथ समन्वय कर पुस्तक के भविष्य के संस्करणों और इलेक्ट्रॉनिक प्रतियों से विवादास्पद अंशों को हटाकर सुधार करें।
