पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने झारखंड से अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। इससे पहले बर्दवान से हमीम मंडल नामक संदिग्ध आतंकवादी को हिरासत में लिया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि मंडल पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के निर्देश पर पुलिस की वर्दी खरीदकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर अशांति फैलाने की योजना बना रहा था। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या मंडल ने इस काम के लिए किसी टीम को तैयार कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, मंडल को चार-पांच महीने पहले व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सेशन जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए भर्ती किया गया था। STF ने शहजाद भट्टी गिरोह से जुड़े चार पाकिस्तानी हैंडलर्स की पहचान की है, जो ब्रिटेन और मैक्सिको के सिम कार्ड का उपयोग कर रहे थे। अर्पिता सरकार पर मंडल के साथ मिलकर हनी-ट्रैप नेटवर्क चलाने और प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाने का भी आरोप है। पुलिस का मानना है कि यह आईएसआई समर्थित मॉड्यूल वीआईपी लोगों की जासूसी और नेटवर्क विस्तार में जुटा था। मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर और गिरफ्तारियां संभव हैं।
0लाइक्स
0डिसलाइक्स

