कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। राष्ट्रपति एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने आपातकाल की घोषणा करते हुए बताया कि अब तक 181 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 2,600 लोग घायल हैं और 200 लोग लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी रहने के बीच अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 240 के पार जाने की आशंका जताई है।
कैली और परेरा शहर सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, जहां हजारों घर ढह गए हैं और अस्पताल व स्कूल जैसी इमारतें भी जमींदोज हो गई हैं। कैली के मेयर एलेजांद्रो एडर के अनुसार, उनके शहर में 95 लोगों की जान गई है और 239 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। लूटपाट रोकने के लिए कैली के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, जबकि परेरा में बचाव कार्यों के लिए वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
संयुक्त राष्ट्र ने इस आपदा पर एकजुटता व्यक्त की है और अमेरिका ने 1.55 करोड़ डॉलर की सहायता देने का वादा किया है। देश में अब तक 70 से अधिक झटके महसूस किए जा चुके हैं, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।




