एम्सटर्डम के वैगनर स्टेडियम में सोमवार को खेले गए एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के पूल डी मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से मात दी। हाफ-टाइम तक भारत 2-1 से आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में अपना विजयी अभियान जारी रखा। इस हार के साथ ही विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की जीत का सूखा 32 साल तक खिंच गया है, जो 1994 से चला आ रहा है।
मैच के दौरान भारत ने 51 प्रतिशत बॉल पजेशन रखा और 11 शॉट लगाए, जबकि इंग्लैंड ने 10 शॉट लिए। इसके बावजूद भारतीय टीम अंतिम दो क्वार्टर में इंग्लैंड के आक्रामक खेल को रोकने में नाकाम रही। इस जीत के साथ इंग्लैंड पूल डी में दो जीत के साथ शीर्ष पर है, जबकि तीन अंकों के साथ भारत दूसरे स्थान पर है। अपने अगले मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा, वहीं इंग्लैंड की टीम वेल्स के खिलाफ खेलेगी।





