कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में बुधवार तड़के लगी भीषण आग में एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। न्यू मार्केट इलाके के पास स्थित इस होटल में आग रात करीब 2:00 बजे लगी, जिससे वहां ठहरे कई मेहमान अंदर ही फंस गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण एयर-कंडीशनर में हुआ विस्फोट माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया।




