महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आईफोन की किश्त चुकाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय कुणाल आईफोन के लिए पैसे की मांग को लेकर अपने माता-पिता से बहस करने के बाद सुबह करीब 10 बजे तिसगांव इलाके में एक पहाड़ी पर चढ़ गया था।
करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की। उसे नया फोन दिलाने का वादा भी किया गया, लेकिन कुणाल अपनी जिद पर अड़ा रहा। दोपहर करीब 1 बजे जब उसके पिता मुरलीधर चांगुडे ने उसे खींचकर सुरक्षित करने की कोशिश की, तो दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे खाई में गिर गए। अपने पति और बेटे को गिरते देख मां संगीता ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।



