महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और नवी मुंबई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पैक किए गए खाद्य पदार्थों की निर्माण और एक्सपायरी तिथियों में हेरफेर करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई 24 से 29 अगस्त के बीच तुर्भे एमआईडीसी क्षेत्र स्थित साधना एंटरप्राइजेज में की गई, जहां निर्यात के लिए तैयार किए जा रहे सामानों के लेबल के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने 10 निर्यातक कंपनियों से जुड़े 8,442 कार्टन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है। इनमें लेज, कुरकुरे, मैगी, नॉर, रसोई, हेलमैन्स, थम्स अप और लिम्का जैसे प्रमुख ब्रांडों के उत्पाद शामिल हैं। मौके से इंकजेट प्रिंटर, थिनर और कस्टम स्टिकर बरामद किए गए, जिनका उपयोग मूल जानकारी मिटाने और पोषण संबंधी लेबल बदलने के लिए किया जाता था।
अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के तार मुंबई के अलावा दिल्ली और नोएडा से भी जुड़े हैं। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है और वितरण नेटवर्क की व्यापकता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।



