ओरेकल वैश्विक स्तर पर एक और दौर की छंटनी की तैयारी कर रही है, जिससे भारत सहित दुनिया भर में हजारों कर्मचारियों पर असर पड़ने की आशंका है। कंपनी लागत में कटौती के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में यह कदम उठाने जा रही है, जो किसी एक विशेष इकाई तक सीमित नहीं होगा।
आंतरिक अनुमानों के अनुसार, इस प्रक्रिया में 7,000 से 10,000 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी ने टीमों को अपना बजट कम करने का निर्देश दिया है, जिससे कर्मचारियों में अनिश्चितता का माहौल है। चर्चा है कि यह कार्रवाई सितंबर के मध्य तक शुरू हो सकती है। गौरतलब है कि 31 मई को समाप्त हुए वित्त वर्ष में ओरेकल ने 21,000 कर्मचारियों की कटौती की थी। कंपनी ने अभी तक इन नई योजनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस संबंध में पूछे गए सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है।




