ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित 'तिरुक्कुरल' की प्रति भेंट की।
बैठक में भारत और रूस ने अपने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जो वर्तमान में 60 अरब डॉलर है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने पहले ही स्पष्ट किया था कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सालाना दोहरे अंकों की विकास दर बनाए रखना आवश्यक है।
दोनों नेताओं के बीच रेलवे, खनन और इस्पात उत्पादन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब है कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में कल से शुरू हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 11 सदस्य देशों के प्रमुख वैश्विक हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।




