भारतीय नौसेना के 31 वर्षीय नाविक प्रदीप मुखर्जी को रक्षा संबंधी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को लीक करने के आरोप में कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया है। आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने यह कार्रवाई तब की, जब नाविक आईएनएस अग्रणी में प्रशिक्षण ले रहा था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, विशाखापत्तनम स्थित पूर्वी नौसेना कमान में तैनात मुखर्जी को सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रैप में फंसाया गया था। आरोप है कि एक पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव ने उससे दोस्ती कर नौसेना की संपत्तियों, जहाजों की आवाजाही और परिचालन संबंधी गोपनीय जानकारियां हासिल कीं।
गिरफ्तारी के बाद मुखर्जी को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई। उसे आगे की पूछताछ के लिए विजयवाड़ा ले जाया गया है, जहां अधिकारी डेटा लीक की गंभीरता और संभावित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रहे हैं।



