फ्लाई दुबई के एक विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश रचने और भारतीय पायलट स्मिथ मचार पर हमला करने के आरोपी ओमान के सह-पायलट हमाम अल-हमामी को मौत की सजा दी जा सकती है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारी इस मामले पर विचार कर रहे हैं और आरोपी फिलहाल उनकी हिरासत में है, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में हुई, जिसमें 180 यात्री सवार थे। हमाम अल-हमामी ने विमान में मौजूद कुल्हाड़ी से भारतीय पायलट स्मिथ मचार पर हमला किया था। घायल होने के बावजूद मचार ने साहस दिखाते हुए यात्रियों की मदद से विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया।
सऊदी अरब पुलिस के समक्ष हमाम अल-हमामी ने विमान को नष्ट करने की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। इस जांच में इजरायली सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हैं। यात्रियों की जान बचाने के लिए भारतीय पायलट स्मिथ मचार के साहस की प्रधानमंत्री मोदी सहित दुनिया भर के नेताओं ने सराहना की है।

