भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नवरात्रि और दिवाली के त्योहारों के मद्देनजर सभी राज्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को खाद्य सुरक्षा निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। इस कदम का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान मिठाई, नमकीन, दूध और खाद्य तेल जैसे उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटी, नकली और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकना है।
अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों में विशेष निरीक्षण और नमूने एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, मौके पर ही जांच करने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' वाहनों को तैनात किया जाएगा। निरीक्षण के सभी परिणामों को FoSCoS और FoSCoRIS प्लेटफॉर्म पर वास्तविक समय में दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।

