दीपावली के अवसर पर केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पात्र 11.41 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) देने की मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत सरकार ने 2,009.61 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है।
इस बोनस योजना का लाभ लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, गार्ड, ट्रैक मेंटेनर और तकनीशियन सहित ग्रुप-सी के कर्मचारियों को मिलेगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये तक की बोनस राशि प्रदान की जाएगी।
सरकार ने बताया कि यह प्रोत्साहन राशि रेलवे के प्रदर्शन को देखते हुए दी जा रही है। पिछले वित्त वर्ष में रेलवे ने 1,670 मिलियन टन माल ढुलाई और 7.41 बिलियन यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराई है। कर्मचारियों की इस कड़ी मेहनत और रेलवे की उपलब्धियों को सराहने के उद्देश्य से यह बोनस दिया जा रहा है।

