उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में अदालत जाते समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सुरक्षा काफिले में शामिल वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। यह हादसा तब हुआ जब लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय एक एम्बुलेंस पीछे से आ रहे वाहन से टकरा गई, जिसके बाद कुल चार कारें और एक एम्बुलेंस एक-दूसरे से टकरा गईं। यह घटना सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में हुई।
इस दुर्घटना में राहुल गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ता और सुरक्षा अधिकारी घायल हुए हैं, हालांकि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। हादसे के समय राहुल गांधी का वाहन काफिले में सबसे आगे था। दुर्घटना के बावजूद राहुल गांधी ने अपनी यात्रा जारी रखी और 2018 के मानहानि मामले में पेश होने के लिए अदालत पहुंच गए।


