हरियाणा के पंचकूला स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में 28 अक्टूबर को तीसरी कक्षा के एक आठ वर्षीय छात्र ने छह वर्षीय छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी छात्र बच्ची को घसीटते, उसका सिर डेस्क पर पटकते और पत्थर व गमले से मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद बच्ची को लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पाया गया।
पीड़िता को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बच्ची के चाचा ने बताया कि आरोपी छात्र का व्यवहार पहले से ही हिंसक रहा है और उसने बच्ची को तब निशाना बनाया जब उसने उसकी शिकायत शिक्षकों से करने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के माता-पिता से पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इस घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि यदि स्कूल प्रशासन की ओर से सुरक्षा में कोई लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



